रेवदर (Reveder)देरोल स्वामी विवेकानन्द राजकीय मॉडल स्कूल देरोल में 11 अक्टूबर, 2025 को विभागीय आदेशानुसार अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान केशर सिंह राव ने की। उन्होंने बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने रुचि के अनुसार भविष्य में नई ऊँचाइयाँ हासिल करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि आज बालिकाएँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। इस अवसर पर विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी हेड गर्ल नैना शुक्ला एवं कक्षा 12 की छात्राओं ने संभाली। बालिकाओं द्वारा भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के उपरांत अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल प्रधानाचार्य केशर सिंह राव एवं शिक्षकों के निर्देशन में रवाना हुआ। भ्रमण दल जवाहर नवोदय विद्यालय जसवन्तपुरा, भालुओं हेतु संरक्षित कंजर्वेशन रिजर्व क्षेत्र सुन्धा माता, दर्शनीय स्थल सुन्धा पर्वत तथा जैव विविधता एवं गौ संरक्षण स्थल नन्दगाँव (कंसुआ) का अवलोकन करेगा। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक जानकारी से अवगत कराया जाएगा।
रिपोर्ट- रमेश माली