
मुंबई। पूरा देश टीम इंडिया की जीत से गदगद है इसी खुशी में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र सरकार की तरफ से टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम पर पैसों की बारिश कर दी है. उन्होंने टीम को 11 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। इससे पहले आज मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में रोहित शर्मा और भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के तीन अन्य सदस्यों को सम्मानित किया।
सीएम शिंदे ने अपने आवास पर कैप्टन रोहित शर्मा, सूर्य कुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे का सम्मान किया। साथ ही खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। आज महाराष्ट्र विधानसभा परिसर में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य और कप्तान रोहित शर्मा समेत चार खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। विधानसभा परिसर में रेड कारपेट के दोनों तरफ तिरंगा लगाकर ढोल ताशे के बीच टीम का स्वागत हुआ।
इसके साथ ही महाराष्ट्र की पारंपरिक नृत्य के बीच गुलाब के फूलों से पुष्पवर्षा कर विधानसभा परिसर में स्वागत हुआ। इस अवसर पर सूर्यकुमार यादव ने अपने संबोधन में एक और विश्व कप लाने की बात कही थी। जिस सीएम शिंदे ने कहा कि यादव जी याद रखिये ये विधान भवन है, यहाँ किया वादा पूरा करना पड़ता है। साथ मुख्यमंत्री ने बीसीसीआई से खिलाड़ियों की फौज तैयार करने की बात कही और सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
सूर्या, सहयोगी स्टॉफ और मुम्बई पुलिस को सराहा
सीएम शिंदे ने अपने भाषण में विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ टीम की जीत पर खुशी जताई, उन्होंने खासतौर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में सूर्यकुमार यादव के शानदार कैच की तारीफ की। एकनाथ शिंदे ने सपोर्ट टीम के सदस्यों पारस म्हाम्ब्रे और अरुण कनाडे को सम्मानित करके उनके योगदान को भी अहम बताय। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को साउथ मुंबई में नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक खुली बस पर निकली टीम इंडिया की विजय परेड के दौरान भीड़ मैनेज करने के लिए मुंबई पुलिस की भी सराहना की।
रोहित ने हमें गौरव के पल दिए : फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कप्तान रोहित शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका नाम क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। उनके नाम के बिना विश्व क्रिकेट का इतिहास पूरा नहीं होगा। रोहित शर्मा और उनकी टीम ने हमें गौरव के अनमोल पल दिए हैं। हालांकि रोहित ने हमें एक ही दिन में अच्छी और बुरी खबर दोनों दीं। उन्होंने टी 20 विश्व कप जीता लेकिन साथ ही टी 20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में संन्यास की घोषणा भी कर दी। इस अवसर पर श्री फडणवीस ने मुंबई में 1 लाख दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम निर्माण की योजना पर कार्य करने की भी बात कही।
रोहित की उपलब्धियां यादगार : पवार
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने अपने संबोधन में कहा कि ‘‘ रोहित शर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह टी 20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब नहीं खेलेंगे। लेकिन जब भी हम एक टी 20 मैच देखेंगे, हम हमेशा उनको और उनकी इस विजेता टीम की उपलब्धियों को याद रखेंगे।’’
पूरी टीम के प्रयास से मिली जीत : रोहित
विश्व विजेता भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि फाइनल में टीम प्रयास से जीत मिली। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुझे कहा कि इस तरह का आयोजन विधान भवन परिसर में कभी नहीं किया गया है। इतने लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट विश्व कप भारत लाकर सपना सच हो गया। यह टीम प्रयास था। ’’ उन्होंने मजाक करते हुए कहा, ‘‘सूर्या ने सभी को कहा कि वह भाग्यशाली रहे कि गेंद उनके हाथ में आ गयी। अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो मैं उसे अगले मैच में बाहर बिठा देता।’’
‘‘मैं आप सभी से मिलकर खुश हूं। हमें कल और आज यहां विधान भवन में जो समर्थन मिला, मैं उसे कभी नहीं भुला पाऊंगा। बहुत जल्द हम अगला विश्वकप जीतेंगे।’’-सूर्यकुमार यादव
‘‘मुझे गर्व है कि मैं महाराष्ट्र में रह रहा हूं। हम कल मिले स्वागत से अभिभूत हैं।’ -शिवम दुबे
“आमची मुम्बई! , जय महाराष्ट्र” -यशस्वी जायसवाल
राजेश जैन/ जागरूक टाइम्स