
Rajsamand। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी (Deepti Kiran Maheshwari) ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कुरज में जिला खनिज कोष एवं समसा योजना के अंतर्गत निर्मित नवीन कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने माण्डपिया खेड़ा में विधायक विकास निधि से निर्मित टीन शेड का उद्घाटन कर ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया।
इस अवसर पर विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि विद्यालयों में भौतिक संसाधनों का सुदृढ़ीकरण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 आज के युगानुकूल शिक्षा प्रणाली लागू करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जो विद्यार्थियों को केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर एवं बहुआयामी प्रतिभा संपन्न नागरिक बनाने पर बल देती है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार शिक्षा को सर्वसुलभ एवं समावेशी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। खेलकूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ देश और समाज के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन की भावना विद्यार्थियों में विकसित करना भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विधायक माहेश्वरी ने कहा कि राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हेतु संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है और इस दिशा में प्रत्येक विद्यालय को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला प्रमुख रत्नीदेवी चौधरी, कुरज मंडल अध्यक्ष छीतरमल जाट, पूर्व मंडल अध्यक्ष उदय लाल अहीर, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि शांतिलाल खटीक, कुरज पूर्व सरपंच अनिल जाट, कुरज सरपंच देऊबाई चौधरी, सरपंच संघ अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, मंडल महामंत्री देवीलाल प्रजापत, मंडल महामंत्री अंम्बालालगाडरी, मंडल उपाध्यक्ष बालू राम नायकमंडल, कोषाध्यक्ष दीपक काबरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष राधा रानीराजोरा, राजेंद्र व्यास, कमलेश राजोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत