सोजत रोड (Sojat Road) कस्बे एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को बच्छ बारस पर्व पारंपरिक श्रद्धा और आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए गौ माता का पूजन किया और पुत्रों की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएँ कीं।
सुबह से ही महिलाओं ने पूजा-अर्चना की तैयारियाँ आरंभ कर दीं। गौ माता को चुनरी ओढ़ाई गई, नए वस्त्र पहनाए गए और गुड़ खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। घर-घर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की गौशालाओं में भी महिलाओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर परंपरा को जीवंत बनाए रखा। पर्व के दौरान गायत्री शर्मा द्वारा महिलाओं को बच्छ बारस की कथा सुनाई और महिलाओं ने व्रत रखा।
बड़ी संख्या में महिलाएँ इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल बना रहा।मंदिरों और गौशालाओं में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बच्छ बारस पर्व ने सोजत रोड एवं आसपास के इलाकों में आस्था और संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।