
बाड़मेर शहर में सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। अग्रवाल समाज महिला कार्यकारिणी की अध्यक्ष मंजू सराफ ने बताया कि इस कथा के यजमान महेंद्र कुमार सिंघल और उनका समस्त परिवार आयोजनकर्ता हैं। कथा का आयोजन अग्रवाल पंचायत भवन में किया जा रहा है। बुधवार (19 मार्च 2025) को कथा से पहले सुबह 10:00 बजे अग्रवाल पंचायत भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। संत कौशिक जी महाराज रथ में विराजमान रहे। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी भी शामिल रही।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर महाराज जी को फूल-मालाएं और मोतियों की मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। समाज की महिलाओं ने कलश उठाकर यात्रा में भाग लिया। कुछ महिलाओं ने तुलसी के पौधे सिर पर उठाकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। अग्रवाल समाज के अलावा माहेश्वरी समाज और अन्य समाजों के लोग भी यात्रा में सम्मिलित हुए।
यह कथा संत कौशिक जी महाराज द्वारा सुनाई जा रही है। यह उनके 92वें शहर की भागवत कथा है। संत महाराज वृंदावन के तुलसी पीठ के संत हैं और उनकी ओजस्वी वाणी में कथा सुनने का सौभाग्य बाड़मेर शहर को मिल रहा है। कथा में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। दिन-प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। महाराज जी ने कहा कि भवन छोटा पड़ सकता है, इसलिए बाहर टेंट की व्यवस्था की जाएगी।
संत कौशिक जी महाराज ने बाड़मेर के सभी श्रद्धालुओं से कथा में सम्मिलित होने की अपील की। कथा के सातों दिन भक्तों को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा। सभी श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे और कथा का आनंद लें।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल