
रानीवाड़ा (Raniwara) प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को धानोल व धामसीन ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य मकसद सरकारी सेवाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र ग्रामीणों तक पहुँचाना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण अपनी-अपनी समस्याओं और आवश्यक कार्यों के समाधान हेतु पंजीकरण कराते रहे। शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत समिति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, बिजली व जलदाय विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने आमजन की समस्याओं को सुना और अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण किया। उपखंड अधिकारी सुनीलकुमार,तहसीलदार हनवंतसिंह, विकास अधिकारी हेमलता बिश्नोई, धानोल सरपंच आरतीदेवी,ग्राम विकास अधिकारी मनीष भाटी एवं सरपंच प्रतिनिधि गणपतलाल थावरेसा ने स्वयं शिविर स्थल पर ग्रामीणों की समस्याओं का अवलोकन कर समाधान करवाया। वहीं, कई वृद्धजन और महिलाएँ जिन्होंने पहले अपनी समस्याओं को लेकर महीनों चक्कर काटे थे, उन्हें तत्काल राहत मिलने पर संतोष और प्रसन्नता झलकी। ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, गिरदावरी, जाति-आय प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने नि:शुल्क जांच व परामर्श सेवा प्रदान की। वहीं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा पेंशन संबंधी कार्य किए गए। किसानों और पशुपालकों को तकनीकी जानकारी तथा योजनाओं के लाभ की जानकारी भी दी गई। शिविर में महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कई महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं ने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। वही पौधरोपण भी किया गया।
रिपोर्ट – मुकेश लखारा