
रेवदर (Reveder) दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को आईडियल पब्लिक विद्यालय (Ideal Public School) रेवदर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम से लेकर दसवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्राचार्य एवं शिक्षकगणों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को दीपावली पर्व का सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व बताते हुए घर के आंगन में रंगोली बनाने की परंपरा और उसके प्रतीकात्मक अर्थ की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां बनाईं, जिनमें धार्मिक, सांस्कृतिक व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी देखने को मिले। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल छा गया। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के पश्चात परिणाम घोषित किए गए, जिसमें प्रथम स्थान खुशी चौधरी, द्वितीय स्थान हेतल और तृतीय स्थान आरती ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय प्रशासन की ओर से पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
रिपोर्टर/रमेश माली