
रानीवाड़ा (Raniwada) के महादेव पब्लिक स्कूल, गांग में “विद्यालय में रामधारी संस्कृति की झलक” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ द्वारा साफ-सुथरी, अनुशासित व संस्कारयुक्त वेशभूषा के माध्यम से भारतीय परंपरा की सुंदर प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर विद्यालय में उपस्थित जनसमूह को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने तथा उसे जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।विद्यालय प्रबंधन द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव को देखते हुए बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन विद्यालय स्तर पर किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी अपनी जड़ों से जुड़े रहें और संस्कारवान नागरिक बन सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आगामी दिनों में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर विद्यालय के संचालक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं संस्कारयुक्त वातावरण देखने को मिला।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
