रानीवाड़ा (Raniwada) भारतीय जनता पार्टी के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सुशासन पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसी क्रम में रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल को भाजपा ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें रानीवाड़ा विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार की गई है। पार्टी संगठन में किए गए इन बदलावों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सुशासन पखवाड़े के दौरान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठनात्मक समन्वय को सुदृढ़ करने की जिम्मेदारी विधानसभा प्रभारियों को सौंपी गई है। रानीवाड़ा के पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल की नियुक्ति को संगठन में उनके प्रति जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। देवल लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर उनकी सक्रिय कार्यशैली, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, देवल की भूमिका सुशासन पखवाड़े के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने, सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने की होगी। उनकी नियुक्ति से रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।देवल की नियुक्ति पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। कई कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
