
रानीवाड़ा (Raniwada) शहर के भीनमाल रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुजाराम पुत्र मनरा राम देवासी, निवासी जालेरा खुर्द, के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुजाराम किसी कार्य से रेलवे ट्रैक के पास गए थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार मालगाड़ी गुजरने लगी और वे उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग के शरीर के दो टुकड़े हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रानीवाड़ा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीवाड़ा CHC भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से बयान लिए और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह रेल हादसा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की तहकीकात कर रही है।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
