राजसमंद ( Rajsamand) शहर के राजनगर में बजरंग चौराहा पर श्री बालाजी मंदिर की दसवीं वर्षगांठ पर छह दिवसीय महोत्सव एवं तुलसी विवाह का आयोजन श्री बजरंग सेवा समिति के सानिध्य में आगामी 21 से 26 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष कैलाश निष्कलंक ने बताया कि महोत्सव के तहत 21 नवंबर से विभिन्न अनुष्ठान शुरू होंगे, जिसमें कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इससे पूर्व 17 नवंबर को विवाह महोत्सव को लेकर लग्न लिखाई की रश्म पूर्ण की जाएगी। हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम 22 नवंबर को होगा। 24 नवंबर को ठाकुर जी का डीजे और बैंड वादन के साथ में अपरण 3 बजे से नगर भ्रमण होगा। इसमें गढ़बोर धाम से प्रभु चारभुजानाथ के साथ ही राजनगर के चारभुजा मंदिर, भोइवाड़ा, सेविली, सनवाड़ एवं किशोर नगर मंडा के ठाकुर जी शामिल होंगे। वही 25 नवंबर को शुभ मुहूर्त में तुलसी विवाह की रस्म परंपरागत रूप से विवाह की सभी रस्मों के साथ पूर्ण की जाएगी। इसके बाद रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें गायक शंभू धनगर, विश्वास नंदवाना एवं गायिका रितु श्रीमाली भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। 26 नवंबर को सुबह हवन पूजन के साथ ही बालाजी महाराज मंदिर पर शुभ मुहूर्त में नई ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि श्री बालाजी महाराज समिति के समस्त कार्यकर्ता एवं महिला मंडल की सदस्याओं द्वारा चारभुजा मंदिर भोईवाड़ा पहुंच कर इस विवाह की प्रथम रस्म के अनुसार सगाई की रस्म को संपन्न किया गया। श्री चारभुजा जी को तुलसी माता संग विवाह के लिए पधारने का निमंत्रण दिया। वहां पर सभी भोई समाज के सदस्यों द्वारा श्री बालाजी महाराज सेवा समिति के कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया एवं इस विवाह प्रस्ताव को स्वीकार किया और ठाकुर जी की बारात को धूमधाम से लाने का निर्णय किया। वहीं, बालाजी मंदिर पर श्री बालाजी महाराज सेवा समिति महिला मंडल के द्वारा विधि विधान से तुलसी माता की स्थापना 4 बजे की गई। इसके साथ ही समिति की ओर से गढ़बोर और किशोर नागर मंडा में चारभुजा नाथ को 24 नवंबर को विवाह महोत्सव में शामिल होने व नगर भ्रमण के लिए निमंत्रित किया गया, जिस पर वहां की समिति ने स्वीकृति प्रदान की।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
