
भीलवाड़ा (Bhilwara) विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसका विषय ष्डिजिटल मीडिया में अंतर सांस्कृतिक दृष्टिकोण चुनौतियां एवं अवसर रहाष्। इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में संगम विश्वविद्यालय के उप कुलगुरु डॉ मानस रंजन पाणिग्रही रहे साथ ही, अध्यक्षता वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की शोध निदेशक डॉ क्षमता चौधरी ने की। इस संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के रूप में वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के मीडिया एवं जर्नलिज्म विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ सुबोध कुमार अग्निहोत्री रहे एवं विशिष्ट अतिथि जायल नागौर राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ पयोद जोशी रहे। मुख्य अतिथि डॉ पाणिग्रही ने अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति में डिजिटल मीडिया के योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डॉ चौधरी ने जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए डिजिटल मीडिया की चुनौतियां एवं अवसर पर विस्तृत चर्चा की। संगोष्ठी के द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता डॉ अग्निहोत्री ने मीडिया के उद्भव से वर्तमान समय तक परिवर्तनों एवं अवसरों पर अपना प्रकाश डालते हुए बताया कि आज डिजिटल मीडिया के कारण ही समाज हैंडशेक से हैशटैग पहुंचा है। कार्यक्रम के तृतीय सत्र में विशिष्ट अतिथि डॉ जोशी ने अपने विचार रखते हुए आज के समय में डिजिटल मीडिया की चुनौतियां पर विशेष चर्चा की। ज्ञात हो इस कार्यक्रम में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से संपूर्ण भारत से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया साथ ही अनेक शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र भी पढ़े जिन पर विशेषज्ञो ने अपने विचार व्यक्त किए। कॉलेज निदेशक एवं कार्यक्रम की मुख्य संरक्षक इंजी गीता चौधरी ने सभी का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की विकास यात्रा के बारे में विस्तृत चर्चा की एवं कार्यक्रम के संरक्षक एवं प्राचार्य डॉ जसवंत सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि संगोष्ठी का विषय आज के समय में डिजिटल मीडिया जिसमें विशेष तौर पर सोशल मीडिया की निरंतर बदलती स्थितियों को ध्यान में रखकर रखा गया ताकि संपूर्ण भारत के विषय विशेषज्ञ इस पर चर्चा करके इसका अध्ययन कर सके। कार्यक्रम के संयोजक शुभम ओझा ने दो दिवसीय संगोष्ठी का संक्षिप्त विवरण एवं संगोष्ठी की थीम मंथन के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि इन दो दिवस में देश भर से पधारे हुए सभी प्रतिभागी बढ़-चढ़कर इस संगोष्ठी में हिस्सा ले। इस संगोष्ठी का सफल संचालन महाविद्यालय परिवार की पूरी टीम ने किया।
रिपोर्ट – पंकज पोरवाल
