
बाड़मेर (Barmer) केयर्न-वेदांता के सहयोग से बाड़मेर जन सेवा समिति द्वारा वाहन चालकों के लिए ड्राइवर दृष्टि सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को वृधीचंद जैन केंद्रीय बस स्टैंड पर प्रातः 7.30 बजे से नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ रोडवेज आगार प्रबंधक ओमप्रकाश पूनिया की उपस्थिति में हुआ। बाड़मेर जन सेवा समिति के कैंप ऑर्गेनाइजर जालमसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिविर में रोडवेज के कुल 61 बस चालकों की नेत्र जांच नेत्र ज्योति चिकित्सालय, बाड़मेर की चिकित्सक टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान 55 बस चालकों में दूर एवं नजदीक दृष्टि दोष पाया गया। इन सभी 55 चालकों को आवश्यकतानुसार दूर एवं नजदीक दृष्टि के चश्मे वितरित किए गए। साथ ही उन्हें प्रत्येक छह माह में नियमित रूप से नेत्र परीक्षण करवाने की सलाह दी गई। शिविर में परिवहन विभाग से सुरेश कुमार चौधरी, रोडवेज विभाग से मनोज मूढ़, शंकर गिरी एवं अयूब खान, केयर्न-वेदांता से भट्ट मोहम्मद सलमान तथा बाड़मेर जन सेवा समिति से जालमसिंह राजपुरोहित, सुश्री भानुप्रिया एवं मुकेश कुमार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
