बाड़मेर (Barmer) स्थानीय एम.बी.सी. राजकीय कन्या महाविद्यालय, बाड़मेर में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य, खेल एवं युवा, रोजगार एवं कौशल मामलों के राज्य मंत्री श्री कृष्ण कुमार ‘केके’ विश्नोई ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अपने करकमलों से छात्राओं एवं स्वयंसेविकाओं को नशा मुक्ति किट वितरित की।इस अवसर पर अपने विस्तृत संबोधन में राज्य मंत्री केके विश्नोई ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता है तो राष्ट्र का भविष्य संकट में पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशा मुक्ति और युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा जागरूकता ही नशे के विरुद्ध सबसे सशक्त हथियार है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। राज्य मंत्री ने कहा कि शिक्षा संस्थान सामाजिक परिवर्तन के केंद्र होते हैं और राष्ट्रीय सेवा योजना जैसी गतिविधियां युवाओं में सेवा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अनंतराम विश्नोई ने कहा कि नशा सामाजिक बुराई है, जिसके विरुद्ध सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों को समझकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष श्री दिलीप पालीवाल ने कहा कि नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए सरकार, शिक्षा संस्थानों और सामाजिक संगठनों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री रमेश कुमार शर्मा एवं श्री रमेश कुमार इंदा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित और सशक्त बन सके।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एम.बी.सी. राजकीय कन्या महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए सदैव तत्पर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के साथ मिल कर नई किरण नशा मुक्ति केंद्र कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी और नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के संयोजक जितेंद्र कुमार बोहरा ने बताया कि राज्य सरकार की पिछली बजट घोषणा की अनुपालना में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान के आदेश से महाविद्यालय में नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र का संचालन किया जाता है। इस केन्द्र के तहत कुछ सक्रिय स्वयंसेविकाओ को नशा मुक्ति सखी के रूप में प्रशिक्षित किया गया है और उनके माध्यम से नाटक, स्लोगन, कविता, पोस्टर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जागरूक किया जाता और हर महीने महाविद्यालय में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन होता है। इसी कड़ी में आज राज्य मंत्री केके विश्नोई ने स्वयंसेविकाओं ललिता सोनी, ज्योति जांगिड, रंजना, जिया दवे, भूमिका जडेजा आदि को नशा मुक्ति किट दिया जिसमे बैग, टीशर्ट, नशा मुक्ति लोगो प्रिटेड जैकेट, कैप, पेन और डायरी आदि शामिल है। अंत में जिला समन्वयक डाया लाल सांखला ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर संकाय सदस्य प्रोफेसर हुकमाराम सुथार, मांगीलाल जैन,डायालाल सांखला, पूराराम, डॉ. विमला, सरिता लीलर, देवाराम, विजय परमार, डॉ. आमिर सोहेल, कमलकिशोर, गोपालकृष्ण, भरतकुमार, हरीश कुमार, नेमीचंद, आनंद कुमार शर्मा, वर्षा विश्नोई आदि उपस्थित रहे। छात्राओं के ज्ञापन पर मंत्री ने दिया नए विषय खोलने का आश्वासन: स्थानीय एम बी सी राजकीय कन्या महाविद्यालय बाड़मेर की छात्राओं ने राज्य मंत्री केके विश्नोई को ज्ञापन देकर महाविद्यालय में स्नातक कला में भूगोल विषय प्रारंभ करवाने, ई ए एफ एम में एमकॉम, इतिहास और हिंदी साहित्य में एम ए और प्राणीशास्त्र में एम एस सी प्रारंभ कराने की माँग की। छात्राओं ने बताया कि यह महाविद्यालय बाड़मेर जिले का एकमात्र कन्या महाविद्यालय है और जोधपुर संभाग का सबसे बड़ा कन्या महाविद्यालय है, जिसमे 1800 से अधिक छात्राएं पढ़ रही है परंतु महाविद्यालय में स्नातक में भूगोल नहीं होने से बिना पसंद का दूसरा विषय पढ़ना पड़ता है और स्नातक के बाद कॉलेज में आगे स्नातकोत्तर की सुविधा ना होने से प्राइवेट प्रवेश लेना होता है। इस मांग पर राज्य मंत्री केके विश्नोई ने छात्राओ को जल्द ही उनकी मांग पूरा करने और नए विषय खुलवाने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट -ठाकराराम मेघवाल
