
बाड़मेर (Barmer) बालोतरा में पूर्व विधायक स्वर्गीय चंपा लाल बांठिया की स्मृति में आयोजित संस्कृति एवं समर्पण समारोह में राजस्थान स्तर पर 13 समाजसेवियों को विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किए गए, जिनमें समाजसेवी ईश्वर जांगिड़ को उनके सामाजिक एवं जनहित कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के पूर्व गृह एवं राजस्व मंत्री अमरा राम चौधरी ने की। उनके पश्चात भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, श्री चंपा लाल बांठिया ट्रस्ट के अध्यक्ष गणपत बांठिया तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाड़मेर विभाग संचालक मनोहर बंसल मंचासीन रहे।कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट सेवा सम्मान वितरण से हुई, जिसमें ईश्वर जांगिड़ सहित 13 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरण, दिव्यांग बच्चों के लिए साइकिल वितरण, श्रवण यंत्र वितरण तथा महिलाओं को स्वावलंबन हेतु सिलाई मशीनें वितरित की गईं।समारोह महावीर गौशाला परिसर, छतरियों का मोर्चा, लूणी नदी किनारे बालोतरा में सामाजिक समर्पण और सेवा भावना के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
