भीलवाड़ा (Bhilwara) जिले की कोटड़ी पंचायत समिति ने स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक ऐसा अभिनव प्रयोग किया है, जो न सिर्फ चर्चाओं में है बल्कि ग्रामीणों को भी आकर्षित कर रहा है। प्रधान करण सिंह बेलवा और विकास अधिकारी रामबिलास मीणा की अगुवाई में ग्राम पंचायत कोटड़ी से 23 सितंबर को ‘प्लास्टिक थैली लाओ शक्कर ले जाओ’ अभियान का शुभारंभ हुआ। भामाशाहों के सहयोग से 121 किलो शक्कर इस अभियान के लिए जुटाई गई। पहले ही दिन ग्रामीणों ने 121 किलो प्लास्टिक कचरा जमा कराया और बदले में उतनी ही शक्कर पाई। खास बात यह रही कि शुरुआत में ही 175 ग्रामीणों ने भागीदारी करते हुए स्वच्छता की शपथ भी ली। प्रधान करण सिंह ने कहा कि धार्मिक नगरी कोटड़ी को पूरी तरह कचरा मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से धर्माऊ तालाब को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया। विकास अधिकारी रामबिलास मीणा ने कहा कि “स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली होनी चाहिए।” कार्यक्रम के दौरान आभा जनजाति एवं आदि सेवा केंद्र का शुभारंभ भी हुआ, जहाँ पंचायत स्तरीय कर्मचारियों ने जनजातीय परिवारों की समस्याओं का त्वरित समाधान शुरू किया। इसके साथ ही कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नंबर की पट्टिका का विमोचन कर पारदर्शिता का संदेश दिया गया। ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीण व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि यदि अब प्लास्टिक थैलियों का उपयोग हुआ तो 1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। इस अभियान में उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा, तहसीलदार रामकिशोर मीणा, पूर्व प्रधान जमनालाल डीडवानिया, कोटड़ी मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, भाजपा जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट, समस्त वार्डपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रिपोर्ट – पंकज पोरवाल