मालवाड़ा (Maalwaad) क्षेत्र के ग्राम पंसेरी में अब मंगलवार को एक भव्य और पावन आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने का अवसर मिला। प्रसिद्ध कथावाचक श्री कृपाराम महाराज अपने गुरु श्री राजाराम महाराज के साथ सायं लगभग पांच बजे ग्राम पंसेरी पहुंचे। उनके आगमन पर ग्रामवासियों द्वारा ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पारंपरिक स्वागत के साथ भव्य अभिनंदन किया गया। पूरे गांव में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।महाराज श्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में स्वागत जुलूस में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ महाराज श्री का स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया।श्री कृपाराम महाराज एवं उनके गुरु श्री राजाराम महाराज का प्रवचन एवं सत्संग कार्यक्रम पंसेरी निवासी गंगा सिंह/वाग सिंह जी परीहार के इन्दा फार्म हाउस पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रवचन के दौरान महाराज श्री ने धर्म, संस्कार, सत्य, सेवा और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मानव जीवन को सफल बनाने के प्रेरक संदेश दिए। उन्होंने कहा कि सत्संग से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और समाज में सद्भावना एवं नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है।राजाराम महाराज ने भी अपने आशीर्वचनों में श्रद्धालुओं को संयम, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। सत्संग के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।इस आध्यात्मिक आयोजन में ग्राम पंसेरी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर व्यवस्था संभाली और अतिथियों के स्वागत-सत्कार में कोई कमी नहीं छोड़ी।यह आयोजन ग्राम पंसेरी के लिए आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर महाराज श्री द्वारा सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया गया तथा ग्रामवासियों ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के आयोजन का संकल्प लिया।
रिपोर्ट – मुकेश लाखारा
