राजसमंद (Rajsamand) नगर परिषद राजसमंद की ओर से शहर के जलचक्की चौराहे का सौंदर्यकरण करते हुए विकास कार्य करवाए जाएंगे और राणा राज सिंह की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। नगर परिषद सभापति अशोक टांक ने बताया कि चलचक्की चौराहा शहर का हृदय स्थल है, इसके सौंदर्य करण की आवश्यकता काफी समय से महसूस की जा रही थी। साथ ही यहां पर शहर के संस्थापक राणा राज सिंह की वर्तमान में लग रही प्रतिमा के स्थान पर नई एवं आकर्षक प्रतिमा लगाने की शहर वासियों की भी मांग थी। उन्होंने बताया कि इसको देखते हुए नगर परिषद की ओर से जल चक्की चौराहा के पुनर्विकास व सौंदर्यकरण का निर्णय किया गया है। इसके तहत 39.5 लख रुपए की लागत से यहां एक नए आकर्षक सर्किल का निर्माण करवाया जाएगा। इस सर्किल के बीच में महाराणा राज सिंह की मेटल की नई आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। इस प्रतिमा की विशेषता यह होगी कि यह प्रतिमा रिवाल्विंग होगी। यह प्रतिमा 24 घंटे में एक बार घूमते हुए अपनी दिशा बदलेगी। अर्थात प्रतिमा का मुख्य एक तरफ स्थिर नहीं रहकर रोजाना अलग-अलग दिशाओं में दिखाई देगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सर्किल पर एवं चौराहा पर नई आकर्षक रोड लाइटें लगवाने के साथ ही अन्य विकास कार्य करवाते हुए चौराहे को बेहद आकर्षक लुक दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय ने बताया कि जलचक्की चौराहा की सौंदर्यकरण, सर्किल निर्माण और रिवाल्विंग प्रतिमा स्थापना को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके तहत टेंडर आगमी 23 सितंबर को खोले जाएंगे। वहीं, टेंडर खुलने के तीन माह में ठेकेदार की ओर से निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक से भी मार्गदर्शन सभापति टांक ने बताया कि जलचक्की चौराहे के सौंदर्यकरण और विकास कार्य में राजसमंद विधायक दिप्ती माहेश्वरी ने भी विशेष रुचि दिखाई है। इसके चलते विधायक माहेश्वरी से भी जरूरी मार्गदर्शन और सुझाव मिलें हैं, जिनको ध्यान में रखते हुए ही चौराहे का री- डेवलपमेंट करवाया जा रहा है।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत