रेवदर (Revder) राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम उत्थान शिविर के तहत आज रेवदर उपखण्ड क्षेत्र के सोरडा गिरदावर सर्किल में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह द्वारा किया गया।संभागीय आयुक्त ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा दी गई।निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रतिभा सिंह ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी परिवादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।शिविर के दौरान कुछ जटिल मामलों को लेकर संभागीय आयुक्त ने शासन सचिवालय जयपुर के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समाधान की प्रक्रिया तेज करवाई। इससे कई लंबित परिवादों का मौके पर निस्तारण संभव हो सका।शिविर में समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों में संतोष एवं प्रसन्नता देखी गई। ग्रामीणों ने संभागीय आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे शिविरों को जनहित में उपयोगी बताया।
रिपोर्ट – रमेश माली
