राजसमंद (Rajsamand) जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए ग्राम नन्नाना, टीकर तथा खाखरमाला ग्राम पंचायत क्षेत्र में व्यक्तिगत रूप से पहुँचकर संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण का मौके पर सत्यापन किया। कलक्टर ने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।ग्राम टीकर और नन्नाना में खुली नालियों की स्थिति देखकर कलक्टर ने चिंता व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल नाली निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। एक उपभोक्ता के निवास पर पहुँचकर अधिक बिजली बिल की शिकायत का भी सत्यापन किया गया। उपभोक्ता ने कलक्टर के समक्ष समाधान पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए राहत स्वीकार की। यह दृश्य उपस्थित ग्रामीणों के लिए भावुक क्षण बन गया, जब प्रशासन स्वयं उनके द्वार पर खड़ा दिखाई दिया।कलक्टर हसीजा ने गलियों में घूमते हुए कहीं कंधे पर हाथ रखकर तो कहीं चाय पर बैठकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उनकी इस सहज और मानवीय शैली से ग्रामीणों में खुशी और विश्वास का वातावरण दिखाई दिया। लोगों ने कहा कि ऐसा प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण कम ही देखने को मिलता है।इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, तहसीलदार पारस बुनकर, एवीवीएनएल के एसई बी एस शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।कलक्टर हसीजा की यह पहल दर्शाती है कि जब प्रशासन घर-घर पहुँचकर समस्याएं सुनता है, तो समाधान के साथ विश्वास भी जन्म लेता है।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
