राजसमंद (Rajsamand) राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की माननीय सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ के निरंतर प्रयासों एवं सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप मेवाड़ अंचल को आधुनिक रेल सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। सांसद द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तथा उनसे व्यक्तिगत भेंट कर क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं से अवगत कराया गया।इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद से उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की पुष्टि की। यह वंदे भारत एक्सप्रेस 16 से प्रारंभ होने जा रही है, जिससे मेवाड़ क्षेत्र को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि भविष्य में इस वंदे भारत एक्सप्रेस को उदयपुर से आगे मुंबई तक विस्तारित किया जाए, जिससे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में निवास कर रहे मेवाड़ और राजसमंद क्षेत्र के लोगों को सीधा एवं सुलभ रेल संपर्क मिल सके।सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का विशेष आभार व्यक्त किया, साथ ही उन सभी सांसदों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को साकार करने में सहयोग एवं प्रयास किए।उल्लेखनीय है कि सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ मेवाड़ क्षेत्र, विशेषकर राजसमंद लोकसभा क्षेत्र में रेलवे विकास को लेकर निरंतर प्रतिबद्ध और सक्रिय रही हैं। उनका उद्देश्य है कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं देश के अन्य राज्यों में रहने वाले क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिले और आवागमन सुगम हो।यह पहल मेवाड़ अंचल के आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगी।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
