बाड़मेर (Barmer) जिला कलक्टर टीना डाबी ने सोमवार को ग्राम पन्नानियों का तला, तारातरा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर स्थल पर उपस्थित विभिन्न विभागों की ओर से संपादित किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला कलक्टर टीना डाबी ने आमजन से अपील की कि वे राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं तथा ग्राम उत्थान शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने बताया कि इन शिविरों का आयोजन फरवरी माह में जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से भी किया जा रहा है। जिससे कृषक एवं ग्रामीण नवीन कृषि तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने भू-अभिलेख निरीक्षक मुख्यालय पन्नानियों का तला, तारातरा पर आयोजित शिविर में विभागों के कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग की ओर से 7 बंटवारे एवं 11 नाम शुद्धिकरण के प्रकरणों का निस्तारण किया गया। पंचायती राज विभाग की ओर से पेंशन सत्यापन, जन्म प्रमाण पत्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित सत्यापन कार्य किए गए। कृषि विभाग ने चार मृदा स्वास्थ्य कार्डों का वितरण किया। वहीं पशुपालन एवं रसद विभाग की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से परिवेदनाएं प्राप्त की गईं तथा मौके पर जन सुनवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपखंड अधिकारी रणछोड़ लाल सोलंकी, विकास अधिकारी नरसिंगदास, तहसीलदार भोमाराम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट -ठाकराराम मेघवाल
