बाड़मेर (Barmer) जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बाड़मेर मंगलवार को जनगणना-2027 हेतु जिले के चार्ज अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण में बाड़मेर जिले के जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आयुक्त नगर परिषद, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका एवं राजस्व अधिकारी नगर परिषद/नगर पालिका उपस्थित रहे।जिला कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें सभी अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं पूर्ण सजगता के साथ सहभागिता निभानी होगी। उन्होंने जनगणना निदेशालय से आए अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे व्यावहारिक व तकनीकी प्रशिक्षण को पूरी लगन व गहनता से ग्रहण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी फील्ड कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत जनगणना विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने-अपने चार्ज क्षेत्र में फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर एवं मास्टर ट्रेनर का उच्च गुणवत्ता के साथ चयन किया जाए, जिससे जनगणना कार्य समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। पूर्व में जिले में हुए प्री-टेस्ट जनगणना के दौरान सामने आई फील्ड-स्तरीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी योजना बनाकर कार्य कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि प्रशिक्षण की गहनता सुनिश्चित करने हेतु अगले दिन सभी चार्ज अधिकारियों से प्रशिक्षण संबंधी प्रश्न किए जाएंगे।प्रशिक्षण के दौरान श्री पुनीत मेहरोत्रा, संयुक्त निदेशक, जनगणना निदेशालय जयपुर ने दो दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा, तकनीकी बारीकियाँ, व्यावहारिक ज्ञान, कार्य के दौरान आने वाली संभावित कठिनाइयाँ तथा उनके समाधान हेतु व्यापक कार्य-योजना की जानकारी दी।प्रशिक्षण में संयुक्त निदेशक श्री पुनीत मेहरोत्रा, श्री मुकेश मीना, श्री हरिसिंह बिजारनिया, श्री दिवेश सांवला, निदेशक एनआईसी श्री दिलीप जैन, उप निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग बाड़मेर श्री कमलेश कुमार, उप जिला जनगणना अधिकारी श्री नख्ताराम ईसराम सहित समस्त तहसीलदार, आयुक्त नगर परिषद, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
