
राजसमंद (Rajsamand) विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने जयपुर प्रवास पर आए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा कार्यालय में आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद हुआ। केंद्रीय मंत्री चौहान ने विधायक माहेश्वरी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनके स्वर्गीय माता स्वर्गीय किरण माहेश्वरी के साथ उनके अत्यंत आत्मीय संबंध रहे हैं और परिवार के प्रति उनका स्नेह सदैव बना रहेगा।विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारत सरकार किसानों को समर्थ एवं समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएँ धरातल पर प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिनसे किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन क्षमता सुधारने में सहायता मिल रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार भी केंद्र सरकार के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। प्रदेश में किसानों को भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे वार्षिक ₹6000 किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार अपनी ओर से ₹3000 अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करा रही है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है।विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि नियमित विद्युत आपूर्ति, खाद एवं बीज की समय पर उपलब्धता, समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीद व्यवस्था, सिंचाई प्रणाली के विस्तार तथा कृषि ऋण पर ब्याज सहायता जैसी व्यवस्थाओं के कारण राजस्थान किसान सशक्तिकरण और कृषि विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। इन प्रयासों से कृषि उत्पादन में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।इस अवसर पर जयपुर जिला अध्यक्ष अमित गोयल, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, जयपुर जिला महामंत्री रेखा राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और केंद्रीय मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
