
राजसमंद (Rajsamand) शरद पूर्णिमा के उपलक्ष में जेसी ग्रुप की ओर से आयोजित दो दिवसीय शरद महारास डांडिया महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार रात को हुआ। धवल चांदनी में पहले दिन रात करीब 9.30 बजे डांडिया रास का शुभारंभ हुआ। पहले दिन गरबा प्रेमियों ने धवल चांदनी के बीच सफेद ड्रेस कोड में देर रात तक डांडिया खनकाए। इसमें कई युवक-युवतियों ने परंपरागत राजस्थानी एवं गुजराती वस्त्राभूषणों में सज धज कर कभी डांडिया से तो कभी गरबा नृत्य का प्रदर्शन किया। कई युवा ग्रुप में तो कई युगल स्वरूप में फैंसी ड्रेस में शरद पूनम नी अब रातडी चांदनी खिली छे, शरद पूनम नी रातमा चांदनियों उग्यो छे, गोपाल मेरो पालणिये झूले रे, झुलावे गोकुल नी नारी रे,जैसे गुजराती एवं राजस्थानी गरबा एवं अन्य गीतों पर थिरकते नजर आए। कार्यक्रम को लेकर पंडाल को व्हाइट एंड ब्लैक थीम पर सजाया गया, जिसके साथ ही की गई लाइटिंग से पंडाल काफी आकर्षक लुक में दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में रेलमगरा प्रधान आदित्य प्रताप सिंह चौहान, नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष हिम्मत कुमावत, देवराज सिंह चारण, रजनीकांत साहू चंचल नंदवाना हिमानी नंदवाना हर्ष टांक, सुनीता रजक मौजूद थे। वही ग्रुप के अध्यक्ष अशोक टांक, हेमंत रजक, प्रभु सिंह, पीयूष दोषी सहित ग्रुप के सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। संचालन कवि पंडित गौरव पालीवाल एवं निश्चल नंदवाना ने किया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत