राजसमंद (Rajsamand) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नाथद्वारा आगमन पर राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।श्रीनाथजी मंदिर मंडल की ओर से राज्यपाल का परंपरागत विधि-विधान से स्वागत-सम्मान किया गया। इसके पश्चात राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने प्रभु श्रीनाथजी की दिव्य राजभोग झांकी के दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने इस अवसर पर उपस्थित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का परिचय राज्यपाल से करवाया। साथ ही उन्होंने राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार द्वारा विगत दो वर्षों में विकास, सामाजिक कल्याण एवं सुशासन के क्षेत्र में की गई अभिनव पहलों की विस्तृत जानकारी राज्यपाल को दी।संवाद के दौरान महामहिम राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश में अपने कार्यकाल के दौरान बालिका शिक्षा, आंगनबाड़ी व्यवस्था तथा बाल सुधार गृहों में किए गए सुधारों एवं नवाचारों की जानकारी साझा की तथा सामाजिक सहभागिता को सशक्त समाज निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता बताया।तत्पश्चात राज्यपाल का विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के उदयपुर स्थित आवास पर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने अपने सुदीर्घ प्रशासनिक एवं सार्वजनिक जीवन के अनुभवों और संस्मरणों को साझा करते हुए मूल्यवान मार्गदर्शन प्रदान किया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
