जैसलमेर (Jaisalmer) जिला टेनिस संघ, जैसलमेर के तत्वाधान में डेजर्ट क्लब जैसलमेर में आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान स्टेट जूनियर ओपन टेनिस प्रतियोगिता का रविवार को समापन समारोह आयोजित हुआ। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफ़ी व टी-शर्ट प्रदान की गईं।प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर–18 बालक युगल वर्ग का रोमांचक फ़ाइनल मुकाबला खेला गया जिसमें आर्यन कनरवाल व जीवम ओला की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रियांस तंवर व हर्ष डीढारिया की जोड़ी को कड़े संघर्ष में 10–8 से परास्त किया। इस जीत के साथ आर्यन ने प्रतियोगिता में एकल व युगल दोनों ख़िताब अपने नाम किये । मुकाबले के दौरान प्रियांस तंवर के कौशलपूर्ण खेल ने दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।बालिका के 16 वर्ष आयु वर्ग में एकल के फाइनल में अध्याशा ने शर्वया गहलोत को हरा कर एकल ख़िताब अपने नाम किया।समापन समारोह में टेनिस के वरिष्ठ खिलाड़ी सतीश छँगानी, बराईदीन सावरा, मुकेश भाटिया, राजेश भाटिया, रतनसिंह भाटी, दीपक छँगानी, हरिशंकर सोनी, शैलेष भाटिया, मूलसिंह भाटी, आदित्य शर्मा,प्रतीश चाँडक, नवीन सुथार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, उनके परिजन एवं दर्शक उपस्थित रहे।आयोजन सचिव बाबू लाल शर्मा ने सफल आयोजन में सहयोग हेतु आरटीए सचिव राजीव शर्मा, जगदीश तंवर सहित जिला प्रशासन, नगर परिषद व नगर सुधार न्यास व डेजर्ट क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगे भविष्य में और भी बड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है, जिससे अन्य प्रदेशों से आने वाले खिलाड़ियों को जैसलमेर की पर्यटन नगरी को नज़दीक से देखने का अवसर मिलेगा।
रिपोर्ट – कपिल डांगरा
