
बाड़मेर (Barmer) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सांस कार्यक्रम निमोनिया को सफलतापूर्वक बेअसर करने के लिए सामाजिक जागरूकता और कार्रवाई के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्स एवं एएनएम के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में आरम्भ किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मंगलाराम विश्नोई एवं चैनाराम प्रजापत द्वारा प्रतिभागियों को सांस कार्यक्रम के उद्देश्यों, नवजात एवं शिशुओं में निमोनिया की पहचान, समय पर उपचार, रेफरल प्रणाली, सामुदायिक जागरूकता एवं फॉलोअप से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से रोग की गंभीरता पहचानने एवं समय रहते आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर आरसीएचओ डॉ. बांकाराम, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सचिन भार्गव एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश भाटी द्वारा स्वास्थ्य विभाग में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, संस्थागत प्रसव, सामुदायिक सहभागिता एवं क्षेत्रीय स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर भी प्रकाश डाला गया।अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू कर नवजात एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स एवं एएनएम उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया गया।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल
