Pali। रविवार (6 जुलाई, 2025) को पाली में एक विद्युत कर्मचारी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। वह संविदा पर डिस्कॉम में कार्यरत था और 33 केवी लाइन का फ्यूज दुरुस्त करते समय हादसे का शिकार हो गया। झुलसे कर्मचारी को उपचार के लिए तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामला बगड़ी नगर निवासी 32 वर्षीय लोकेश पुत्र माणकचंद खैरवा से जुड़ा है, जो जीएसएस में संविदा पर कार्यरत है। रविवार सुबह वह एक फॉल्ट सुधारने 33 केवी लाइन पर चढ़ा था। इसी दौरान एक सोलर प्लांट से बैक करंट आने के कारण उसे तेज़ झटका लगा। करंट लगते ही लोकेश झुलस गया और नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त उसने रबर के दस्ताने पहने हुए थे, जो करंट की तीव्रता से पिघल गए। तुरंत उसे गंभीर अवस्था में बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। बताया जा रहा है कि वह करीब 50 प्रतिशत तक झुलस चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही डिस्कॉम के अन्य कर्मचारी और परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजन अस्पताल में बेसुध हालत में पहुंचे और युवक की गंभीर स्थिति देख भावुक हो उठे। फिलहाल लोकेश का इलाज जारी है और डॉक्टर्स की निगरानी में है।
रिपोर्ट – रविन्द्र सोनी