
Pali। राजस्थान में जल संरक्षण को लेकर शुरू किया गया ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आमजन की भागीदारी से जल चेतना का सशक्त मंच बनकर उभरा है।
पाली में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कहा कि यह पहली बार है जब “जल को जन से जोड़ा गया” और मुख्यमंत्री के प्रयासों से यह अभियान पूरे प्रदेश में जागरूकता की क्रांति बन गया है। उन्होंने बताया कि यह महाअभियान 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशमी से शुरू हुआ और 15 जून तक इसने व्यापक प्रभाव छोड़ा।
पाली जिले में इस अभियान के अंतर्गत 30 ग्राम पंचायतों के 56 गांवों में वर्षा जल संग्रहण से संबंधित कार्य तेज़ी से चल रहा है। पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने बताया कि पूर्व में चलाए गए मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत भी पाली जिले में सराहनीय कार्य हुआ, जिससे इस बार के अभियान को और गति मिली है। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी, हेमंत गादाना समेत कई अन्य पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि अब जनता स्वयं जल संरक्षण की ज़िम्मेदारी समझ रही है और अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
रिपोर्ट – रविन्द्र सोनी