
Pali। पाली शहर के पुनायता रोड स्थित चामुंडा नगर में एक 30 वर्षीय युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक दो बच्चों का पिता था और फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करता था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर एक महिला पर ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार मृतक कांतीलाल उर्फ पिंटू पुत्र भगवानचंद फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार शाम को उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी पत्नी बच्चों के साथ जोधपुर एक शादी में गई हुई थी, जबकि मां और भाई जैतारण में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में अकेले होने के कारण कांतीलाल ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना के बाद मृतक की 70 वर्षीय मां गजरादेवी ने थाने में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि एक महिला उसके बेटे को ब्लैकमेल कर रही थी। वह महिला कांतीलाल पर पत्नी को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोप है कि महिला ने झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित महिला से पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की ओर से न्याय की मांग की जा रही है।