जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल पर गुरुवार (6 फरवरी, 2025) को रेलवे स्टेडियम में स्ट्रेस मैनेजमेंट (तनाव मुक्त) शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन संरक्षा और सेफ्टी से जुड़े रेल कर्मियों लोको पायलेट्स, गुड्स गार्ड को तनाव मुक्त रहने के लिए रखा गया। कार्मिक अधिकारी इंचार्ज अभिषेक गांधी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह के निर्देशन में इस शिविर का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ो रेल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर इसका लाभ लिया।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस शिविर में जैनाचार्य डॉ. अरविंद मुनि ने रेल कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान तनाव मुक्त रहने और स्वस्थ रहने के लिए कुछ उपयोगी टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से ध्यान और प्राणायाम करने से मानसिक शांति बनी रहती है और तनाव कम होता है। साथ ही, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने और सकारात्मक सोच बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना और अपने कार्य को सेवा भाव से करना आवश्यक है। नियमित रूप से हल्का व्यायाम करने और समय-समय पर छोटे ब्रेक लेने से भी मानसिक और शारीरिक ताजगी बनी रहती है। जैनाचार्य डॉ मुनि द्वारा योगाभ्यास में लंबी सांस मुद्रा, ध्यान मुद्रा और हास्य मुद्रा योग से संबंधित योग रेल कर्मियों को करवाए, जिनमें सभी ने हास्य मुद्रा पर जोरदार हस कर मन को शांत किया। इस इस दौरान डीआरएम सिंह ने मुनि जैनाचार्य को सर्टिफिकेट प्रदान कर आशीर्वाद लिया।