Lok Sabha Election 2024: जयपुर में बोलीं सोनिया गांधी, ‘यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं’

4 Min Read
Lok Sabha Election 2024: जयपुर में बोलीं सोनिया गांधी, 'यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं' 3

कांग्रेस ने शनिवार (6 अप्रैल, 2024) को राजस्थान के जयपुर में रैली का आयोजन किया। इस रैली में कांग्रेस के अध्यक्ष अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई नेता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र ‘न्याय पत्र’ लॉन्च किया। इस अवसर पर सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित किया। सोनिया गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

चारों ओर अन्याय का अंधकार

रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, वीरों और देश भक्तों के इस महान प्रदेश के प्रतिनिधि के तौर पर इस कार्यक्रम में आपके बीच आकर मुझे अपार गर्व हो रहा है। साथियों, कभी हमारे महान पूर्वजों ने अपने कठिन संघर्ष के बल पर पराधीनता के अंधेरे में देश की स्वाधीनता के सूर्य को खोजा और पाया था। इतने वर्षों बाद वो महान ज्योति कुछ मद्धिम पड़ गई है। चारों ओर अन्याय का अंधकार बढ़ा है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और न्याय की रोशनी खोजेंगे।

यह समय हताशा से भरा हुआ है

सोनिया गांधी ने कहा, हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस मोदी सरकार ने जो किया है, वो हमारे आपके सामने है। इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए कि हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है।

यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं

सोनिया गांधी ने कहा, मुझे पूरा यकीन है कि कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे और हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढ़ेंगे। क्योंकि यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है। यह देश हम सबका है। इसे हमारे पुरखों ने अपने खून से सींचा है। इसकी हवाओं में हमारी मां-बहनों के पसीने का नमक है। यह देश हमारे बच्चों का आंगन है। इस देश के मासूम बच्चों से उनके हिस्से का न्याय छीना नहीं जा सकता।

लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे

सोनिया गांधी ने कहा, देश से ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है, उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मान कर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, बीजेपी में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा

सोनिया गांधी ने कहा, आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। यही नहीं, हमारे संविधान को बदलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे तंत्र में भय बैठाया जा रहा है। यह सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे।

Share This Article
Follow:
Jagruk Times is a popular Hindi newspaper and now you can find us online at Jagruktimes.co.in, we share news covering topics like latest news, politics, business, sports, entertainment, lifestyle etc. Our team of good reporters is here to keep you informed and positive. Explore the news with us! #JagrukTimes #HindiNews #Jagruktimes.co.in
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version