
आखिरकार दिल्ली (Delhi) के लोगों को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य शपथग्रहण समारोह में 9वीं मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहें। दिल्ली सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, JDU से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे भी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी के कपिल मिश्रा, रविन्द्र इंद्राज सिंह, प्रवेश वर्मा, पंकज कुमार सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। रेखा के अलावा शपथ लेने के बाद 6 मंत्रियों ने पीएम मोदी का अभिवादन किया। बता दे कि रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी है। रेखा से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी है। बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है।
जानकारी के लिए बता दे कि हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से लॉ की पढ़ाई की है। रेखा का RSS और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। रेखा गुप्ता उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी है और उनके पास प्रशासनिक अनुभव भी है। रेखा गुप्ता वर्तमान में बीजेपी महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।