
राजसमंद (Rajsamand) विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के विकास से मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास के प्रति राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता बढ़ेगी तथा क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।विधानसभा के पंचम सत्र में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से इस परियोजना की प्रगति पर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने योजना की वर्तमान स्थिति, स्वीकृत बजट, व्यय राशि तथा पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों का विवरण सदन में प्रस्तुत करने का आग्रह किया।उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने उत्तर में बताया कि वर्ष 2024-25 के बजट में महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों—चावण्ड, हल्दीघाटी, गोगुंदा, कुंभलगढ़, दिवेर और उदयपुर—को सम्मिलित करते हुए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम और राजस्थान धरोहर प्राधिकरण को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त किया गया है, जबकि मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी राजस्थान धरोहर प्राधिकरण को दी गई है।डीपीआर तैयार कराने हेतु 100 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जनवरी 2025 में जारी की गई। कॉन्सेप्ट प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर व्यय किया जा चुका है तथा 275.68 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर 3 फरवरी 2026 को समीक्षा समिति से अनुमोदन प्राप्त हुआ है। वर्तमान में वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।चर्चा के दौरान विधायक दीप्ति ने विकसित परिसंपत्तियों की देखरेख और संचालन व्यवस्था तथा सर्किट को अन्य पर्यटन योजनाओं और डिजिटल प्रचार से जोड़ने के संबंध में भी प्रश्न उठाया। सरकार ने बताया कि स्थानीय निकायों से परामर्श कर प्रबंधन किया जाएगा तथा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला पर्यटन विकास समिति द्वारा नियमित पर्यवेक्षण होगा। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।विधायक दीप्ति ने स्थानीय समुदाय की भागीदारी और रोजगार सृजन पर भी जोर दिया। सरकार ने स्पष्ट किया कि निर्माण और संचालन के दौरान स्थानीय श्रमिकों, गाइड, होटल, होम-स्टे, हस्तशिल्प और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। विधायक दीप्ति ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सर्किट के विकसित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और राजस्थान की ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक मंच पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त होगी।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
