
राजसमंद (Rajsamand) राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष द्वारा संसद में किए जा रहे आचरण को अशोभनीय और अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि संसद जैसे गरिमामय लोकतांत्रिक मंच पर इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। सांसदों द्वारा ट्रेजरी बेंच तक आकर पोस्टर लहराना और हंगामा करना न केवल असहज स्थिति उत्पन्न करता है, बल्कि संसदीय परंपराओं के भी विपरीत है।उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी राजनीतिक दल हो, प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री होते हैं और हमारे संस्कार बड़ों का सम्मान करना सिखाते हैं। संसद में नियमों और मर्यादाओं का पालन सभी सदस्यों का दायित्व है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे सभी पक्षों की बात सुनकर नियमों के अनुसार कार्यवाही संचालित कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद में केवल नियमों के दायरे में रहकर ही विषय रखे जा सकते हैं, अन्यथा सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से आगे नहीं बढ़ सकती, खासकर तब जब बजट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होनी है।राजस्थान बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि वे आगामी राज्य बजट को लेकर पूरी तरह आशान्वित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उपमुख्यमंत्री एवं राज्य की वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला बजट राजस्थान के लिए अत्यंत सकारात्मक और विकासोन्मुखी होगा। यह बजट युवाओं, शिक्षा, कौशल विकास, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया होगा और प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देने वाला सिद्ध होगा और आमजन को इससे लाभ मिलेगा।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
