
राजसमंद (Rajsamand) भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ को प्रदेश भाजपा कार्यालय में राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने साथी विधायकों के साथ हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस अवसर पर संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी नीतियों को लेकर सार्थक विचार-विमर्श भी हुआ।विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि राखी राठौड़ के नेतृत्व में महिला मोर्चा प्रदेशभर में सामाजिक जागरूकता, जनकल्याण एवं संगठन विस्तार के कार्यों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व में महिला मोर्चा समाज के हर वर्ग तक भाजपा की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी रूप से पहुँचाने में सफल होगा।उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि यह सरकार की प्राथमिकता और सोच का प्रत्यक्ष प्रतिबिंब है। जब सरकार यह स्पष्ट संदेश देती है कि अपराधी किसी भी परिस्थिति में कानून से नहीं बच सकता, तभी समाज में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण निर्मित होता है। भाजपा सरकार ने राजस्थान में इसी सोच के साथ कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।विधायक दीप्ति ने बताया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था के प्रति स्पष्ट नीति और कठोर कार्रवाई के सुपरिणाम अब समाज में स्पष्ट दिखने लगे हैं। महिला उत्पीड़न की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है और आज माताएं-बहनें अधिक आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक जीवन में भागीदारी कर रही हैं। यह परिवर्तन जनता की दीर्घकालीन अपेक्षाओं की पूर्ति का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है — यह संदेश समाज में दृढ़ता से स्थापित हुआ है। शासन के प्रति जनता का भरोसा और विशेष रूप से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ना ही भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस आत्मीय भेंट के दौरान प्रदेश की सामाजिक-राजनीतिक दिशा, जनकल्याणकारी नीतियों एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं उपयोगी चर्चा संपन्न हुई।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
