
राजसमंद (Rajsamand) मोही कस्बे में संचालित उचित मूल्य की दुकान पर बुधवार को खाद्य सामग्री नहीं मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण राशन लेने के लिए दुकान के बाहर कतार में खड़े रहे, लेकिन दिनभर इंतजार के बाद भी उन्हें राशन नहीं मिल सका।ग्रामीणों ने बताया कि वे घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन अंततः खाली हाथ घर लौटना पड़ा। इससे खासकर मजदूर और बुजुर्ग वर्ग को ज्यादा दिक्कत हुई।इस संबंध में राशन डीलर ने बताया कि पीओएस मशीन का सर्वर से संपर्क नहीं हो पा रहा था। नेटवर्क समस्या के कारण दिनभर मशीन काम नहीं कर सकी। डीलर का कहना है कि जब तक पीओएस मशीन का राशन सर्वर से कनेक्शन नहीं होता, तब तक खाद्य सामग्री का वितरण संभव नहीं है।नेटवर्क की समस्या के चलते दिनभर दुकान पर भीड़ जमा रही, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
