
राजसमंद (Rajsamand) राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायत समिति सभागार में पेसा पंचायत उपबंध अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार ग्राम पंचायतों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम 2 कलस्टरो में हुआ। पेसा एक्ट के तहत जिले के देलवाड़ा की कालीवास एवं कुंभलगढ़ ब्लॉक की आंतरी, कुंचौली, ओडा, पीपाना, वरदडा ग्राम पंचायतें चयनित है। कार्यक्रम में देलवाड़ा विकास अधिकारी नवीन गौड़ एवं कुंभलगढ़ विकास अधिकारी मांगी लाल एवं सहायक विकास अधिकारी ख्यालीलाल लौहार उपस्थित रहे। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान एवं पेसा जिला काॅर्डिनेटर शंकर लाल शर्मा प्रशिक्षण को फेसिलिटेट किया। सहायक विकास अधिकारी ख्यालीलाल लौहार ने पेसा अधिनियम 1996 एवं राजस्थान में लागू पेसा नियम 2011 की विस्तृत जानकारी देते हुए इसकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं की भूमिका और अधिकारों के संबंध में समझाया। पेसा जिला काॅर्डिनेटर शंकर लाल शर्मा ने पेसा क्षेत्र के संकल्पों पर जानकारी देते हुए स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने व ग्राम स्तर पर प्रशासनिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में थीमेटिक एक्सपर्ट रतन लाल कुमावत ने पेसा ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा का परिचय दिया, पेसा ग्राम सभाओं की सफलता की कहानी एवं आदर्श ग्राम सभा के सूचक के बारे में बताया। नशामुक्त गांव निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों के विकास और उन्नयन के लिए सभी की साझा शक्ति का प्रयोग किया जाना चाहिए। 7 पेसा थीम के बारे में बताया गया जिसमें ग्राम सभा का सुदृढ़ीकरण, विवादों का ग्राम सभा के माध्यम से समाधान, सामुदायिक स्त्रोतों का प्रबंधन, भूमि के अधिग्रहण से सुरक्षा, लघु वन उपज पर नियंत्रण, लघु खनिजों पर नियंत्रण, साहूकारी पर नियंत्रण आदि मॉड्यूल की जानकारी दी। नशामुक्त पंचायत, आत्मनिर्भर पंचायत एवं शिक्षित पंचायत बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी रघुवीर सिंह, हरिश्चंद्र, मोहित विश्नोई, भरत तंवर, सत्येंद्र सिंह, थीमेटिक एक्सपर्ट रतनलाल कुमावत, राजबहादुर मीणा, ब्लॉक समन्वयक जसवंत सिंह, कनिष्क सिंह पॉजिटिव मूव्स से हीना खान पेसा मोबिलाइजर कोमल गर्ग, सविता मेघवाल, वन समिति, शांति समिति एवं न्याय समिति के सदस्य व ग्राम पंचायतों के सक्रिय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
