
राजसमंद (Rajsamand) जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला हाइवे सेफ़्टी टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।बैठक में एसपी ममता गुप्ता, एडीएम नरेश बुनकर, पीडबल्यूडी एसई आर एल मेहता, एक्सईएन हीरालाल सालवी, सीएमएचओ डॉ हेमंत बिंदल, जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा, एडिशनल एसपी महेंद्र पारीक सहित एनएचएआई के अधिकारी, सभी तहसीलदार आदि उपस्थित रहे।बैठक में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की कार्यवाही विवरण की पुष्टि करते हुए 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाए गए सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। ई-डार पोर्टल पर किए गए निरीक्षण एवं अनुपालना रिपोर्ट की भी विभागवार समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।जिला सड़क सुरक्षा प्लान तैयार कर उसकी समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित करने, सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों का सड़क सुरक्षा मूल्यांकन कराने तथा चिन्हित कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। पंचायत स्तर तक सभी शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पुलिस, परिवहन, शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग को समन्वित कार्ययोजना बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।आई-रेड प्रणाली के अंतर्गत एनआईसी समन्वयक के सहयोग से ग्रिडवार एवं थानेवार दुर्घटनास्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य, एंबुलेंस की प्री-पोजिशनिंग तथा सघन प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के निकट स्थित ट्रोमा सेंटर एवं चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा वहां तक पहुंचने वाले मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।तेज गति, लेन ड्राइविंग का उल्लंघन, नशे में वाहन संचालन, ओवरक्राउडिंग, ओवरलोडिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, अंडरएज ड्राइविंग, अवैध पार्किंग तथा बालवाहिनी नियमों के उल्लंघन पर सुनियोजित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एमडीआर एवं स्टेट हाईवे के जंक्शनों पर स्पीड ब्रेकर एवं रम्बल स्ट्रिप निर्माण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
