
राजसमंद (Rajsamand) श्रीनाथजी इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग में फ्रेशर्स डे एंड कल्चरल फेस्ट 2026 बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। आयोजन सीनियर विद्यार्थियों ने किया जिसमें प्रथम वर्ष के छात्रों का भव्य स्वागत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एव निदेशक राधिका हॉस्पिटल कांकरोली से डॉ आनंद श्रीवास्तव, आकाशवाणी कलाकार चित्तौड़गढ़ से अमित कुमार चेचानी के साथ श्रीनाथजी ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक अशोक पारीख एवं ट्रेजरर तिलकेश भाटिया की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कई विद्यार्थियों ने लोकप्रिय गीतों पर नृत्य कर समां बांध दिया। एक प्रस्तुति में छात्र-छात्राएं “अरे दीवानो मुझे पहचानो…..,काला चश्मा जचदा ऐ…, हेलो ब्रदर” गीतों की धुन पर थिरकते नजर आए, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, अभिनय और अन्य प्रतिभाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। प्रथम वर्ष छात्रों ने प्रेम और एकता का संदेश देती प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भावनात्मक स्पर्श भी प्रदान किया। कार्यक्रम में अतिथि डॉ आनंद श्रीवास्तव और अमित कुमार चेचानी ने भी अपने अपने नगमे सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम के अंत में बीटेक वर्ग से राजकुमार मीणा को “मिस्टर फ्रेशर” तथा संयोगिता को “मिस फ्रेशर” चुना गया। वहीं डिप्लोमा वर्ग से मयंक शर्मा को “मिस्टर फ्रेशर” घोषित किया गया। विजेताओं को स्लैश, क्राउन पहनाकर एवं सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान आयोजित “स्पोर्ट फेस्ट 2026” प्रतियोगिता के सभी विजेताओं और उपविजेताओं का भी पुरस्कार वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अकादमिक इंचार्ज डॉ.कपिल पारीख, पीआरओ धर्मेश पालीवाल सहित व्याख्याता एव प्रतिभागी विद्यार्थी मौजूद थे।
रिपोर्ट – नरेंद्र सिंह खंगारोत
