
Barmer। राजस्थानी सिनेमा एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक धमक के साथ दर्शकों के दिलों को जीतने के लिए तैयार है। बाड़मेर जिले के राजकीय चिकित्सालय में आई.सी.टी.सी काउंसलर के रूप में कार्यरत मनीष शर्मा का लिखा गीत अल्हड़ नाच राजस्थानी फिल्म ‘बैरण’ में रिलीज हो चुका है। यह गीत दर्शकों के बीच उत्साह का केंद्र बन गया हैं। फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ रही है। यह फिल्म नारी के अपने अस्तित्व को बचाने के लिए किए गए संघर्ष की प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है, जो राजस्थानी संस्कृति और संवेदनाओं को जीवंत करती है।
फिल्म बैरण का निर्देशन जी. नटराज ने किया है, जिन्होंने कहानी को संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारा है। फिल्म का संगीत रिलीज हो चुका है, जिसमें मनीष शर्मा एवं जी. नटराज की ओर से लिखे गए गीत शामिल हैं। संगीतकार जोड़ी श्रेया पालीवाल और नटी शर्मा ने गीतों को मधुर और पारंपरिक राजस्थानी रंगों से सजाया है। गीत अल्हड़ नाच को श्रेया पालीवाल और हीना सैन ने स्वर दिया है खास तौर पर प्रसिद्ध अभिनेत्री हंसा रंगीली और रेखा रंगीली ने इस गीत में अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराई है। जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।
मनीष शर्मा का यह गीत उनकी लेखन प्रतिभा का एक और नमूना है। इससे पहले भी वह एक राजस्थानी फिल्म के लिए गीत लिख चुके हैं और कई नॉन-फिल्मी एल्बम में उनके गीतों को दर्शकों ने खूब सराहा है। मनीष का कहना है कि राजस्थानी संस्कृति और भाषा को सिनेमा के माध्यम से बढ़ावा देना उनका जुनून है। उनके गीतों में राजस्थान की माटी की सोंधी खुशबू और स्थानीय भावनाओं का समावेश होता है, जो दर्शकों के दिलों को छू लेता है। फ़िल्म के एक और गीत बेटी क्यूँ परणाई को सोनू सिसोदिया ने स्वर दिया है जिसे जी. नटराज ने लिखा है।
बैरण कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म का संगीत और गीत पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुके हैं। यह फिल्म न केवल राजस्थानी सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है, बल्कि यह नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश भी देती है। दर्शकों को इस फिल्म से एक मनोरंजक और प्रेरणादायक अनुभव की उम्मीद है। राजस्थानी सिनेमा के प्रेमी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बैरण निश्चित रूप से राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और मनीष शर्मा जैसे गीतकारों की प्रतिभा को और भी सामने लाएगी। बैरण में कई प्रतिभाशाली कलाकार जैसे फिल्म में सिकंदर चौहान, शिवराज गुर्जर, प्रतिष्ठा ठाकुर, विशाल पाराशर, राखी रंगीली, हंसा रंगीली, रिया सैनी, संतोष कँवर, मुकेश छैला, महेंद्र शर्मा और अभिषेक जांगिड़ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के डीओपी विकास सक्सैना, एडिटर महेंद्र तंवर, डी आई एंड वी एक एक्स मुकेश खन्ना ने किया है और लाइन प्रोड्यूसर जय कुमार जैन हैं।
रिपोर्ट – ठाकराराम मेघवाल