Lok Sabha Elections 2024: सहारनपुर में बोले PM मोदी ‘इंडी गठबंधन कमिशन के लिए, मोदी सरकार मिशन के लिए’

9 Min Read
Image source : BJP/X

लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (6 अप्रैल, 2024) को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एक चुनावी रैली संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि इंडी अलायंस के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है।

इंडी अलायंस के लोग चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा ये स्थान मां शक्ति का स्थान है, ये मां शक्ति की साधना का स्थान है और हिंदुस्तान के हर कोने में शक्ति की उपासना हमारी स्वाभाविक, आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है। हम वो देश हैं, जो कभी भी शक्ति उपासना को नकारते नहीं हैं। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य है कि इंडी अलायंस के लोग खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। क्या कोई शक्ति को खत्म कर सकता है क्या। शक्ति के सामर्थ्य को चुनौती दे सकता है क्या। जिन-जिन लोगों ने शक्ति को नष्ट करने का प्रयास किया है, उन सबका क्या हाल हुआ है। वो इतिहास और पुराणों में अंकित है।

देश झुकने नहीं दूंगा, देश रुकने नहीं दूंगा : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले मैं चुनावी जनसभा के लिए सहारनपुर आया था। उस समय देश घोर निराशा, घोर संकट के दौर से गुजर रहा था। तब मैंने आपको गारंटी दी थी कि मैं देश झुकने नहीं दूंगा, देश रुकने नहीं दूंगा। मैंने संकल्प लिया था कि आपके आशीर्वाद से हर स्थिति, हर परिस्थिति को बदलूंगा, निराशा को आशा में बदलूंगा, आशा को विश्वास में बदलूंगा। आपने अपने आशीर्वाद में कोई कमी नहीं रखी और मोदी ने अपनी मेहनत में कोई कमी नहीं छोड़ी।

भारत दुनिया में 11वें नंबर की आर्थिक ताकत था : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि याद कीजिए तब हमारा भारत दुनिया में 11वें नंबर की आर्थिक ताकत था। मोदी ने सिर्फ 10 साल में भारत को दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बना दिया है। तब कांग्रेस सरकार ने भारत की छवि कमजोर देश, भ्रस्ट देश बनाके रख दी थी। आज बीजेपी सरकार ने भारत की छवि मजबूत और तेजी से विकसित होते बना दी है।

भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज हिंदुस्तान के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है। महिलाएं भी बोल रही हैं, बुजुर्ग भी बोल रहे हैं, गांव भी बोल रहा है, शहर भी बोल रहे हैं – फिर एक बार मोदी सरकार। आज भाजपा का स्थापना दिवस है। बहुत कम दशकों में ही भाजपा के साथ रिकॉर्ड संख्या में हमारे देशवासी जुड़े हैं।
भाजपा ने लोगों का भरोसा जीता है, भाजपा ने लोगों दिल जीता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति पर चलती है। भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है, ये भाजपा के नारा नहीं बल्कि हमारे आर्टिकल ऑफ फेथ है।

4 जून, 400 पार : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जो कई दशकों में नहीं कर पाई, वो भाजपा ने 10 साल में करके दिखाया है। इसलिए ही पूरा देश कह रहा है – 4 जून, 400 पार। कांग्रेस जितने साल सत्ता में रही, उसने कमीशन खाने को प्राथमिकता दी। इंडी अलायंस कमीशन के लिए है। जबकि NDA, मोदी सरकार मिशन के लिए है।

अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि हमारा मिशन रहा है। इस वर्ष रामनवमी में हमारे प्रभु राम टेंट में नहीं, बल्कि भव्य मंदिर में दर्शन देंगे। भारत को एक मजबूत देश बनाना भाजपा की प्रतिबद्धता है। यानी जैसी भाजपा की नीयत है, जैसी निष्ठा है, नीतियां भी वैसी ही बनती हैं। इसीलिए आज हर हिंदुस्तानी अनुभव से कह रहा है – नीयत सही, तो नतीजे सही। भाजपा देश के हर नागरिक की परेशानी कम कर रही है। हर किसी के लिए नए अवसर बना रही है। सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी और यहां के लोगों के कौशल की ख्याति तो दूर-दूर तक है। इसलिए योगी जी हों या मोदी, हमें आपका ध्यान है। इसलिए हम दोनों एक बात बार-बार बोलते हैं – वोकल फॉर लोकल।

छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि ये क्षेत्र अपनी कृषि उत्पादकों के लिए भी जाना जाता है। पिछले 10 साल से हमारी सरकार लगातार अपने किसान भाइयों के लिए काम कर रही है। किसान की छोटी-छोटी जरूरत को लेकर हमारी सरकार संवेदनशील है। आज देश में छोटे किसानों की पीएम किसान निधि के जरिये मदद की जा रही है।अकेले यहां सहारनपुर में ही 3 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 860 करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। दुनिया के कई देशों में यूरिया का एक बोरा 3,000 रुपये में मिलता है। हमारे यहां किसानों को यूरिया का ये बोरा 300 रुपये से भी कम में मिलता है।

अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि अब हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन में जुटे हैं। वहीं दूसरी तरफ हमारे विरोधी सत्ता पाने के लिए तड़प रहे हैं। मैं देश का पहला ऐसा चुनाव देख रहा हूं, जहां विपक्ष जीत का दावा नहीं कर रहा है, बल्कि विपक्ष केवल इसलिए चुनाव लड़ रहा है, ताकि भाजपा की सीटें 370 से कम की जा सकें और NDA की सीटें 400 से कम की जा सकें।

इंडी गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सपा की स्थिति तो ये है कि यहां उन्हें हर घन्टे अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति तो और भी विचित्र है, कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे। जिन सीटों को कांग्रेस अपना गढ़ मानती थी, वहां भी उसे उम्मीदवार उतारने की हिम्मत ही नहीं हो रही है। यानी इंडी गठबंधन अस्थिरता और अनिश्चितता का दूसरा नाम बन चुका है। इसलिए देश आज उनकी एक भी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, आपको याद होगा, यहां उत्तर प्रदेश में 2 लड़कों की जो फिल्म पिछली बार फ्लॉप हो चुकी है, उन 2 लड़कों की फिल्म को इन लोगों ने फिर से रिलीज किया है। मुझे समझ नहीं आता कि काठ की इस हांडी को ये इंडी गठबंधन वाले कितनी बार चढ़ाएंगे। आजादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो दशकों पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब जो कांग्रेस बची है, उसके पास न देश हित में नीतियां हैं और न ही राष्ट्रनिर्माण का विजन। कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणा पत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस, आज के भारत की आशाओं-आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो आजादी के आंदोलन के समय मुस्लिम लीग में थी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इसका जो कुछ हिस्सा बचा रह गया, उसमें वामपंथी पूरी तरह हावी हो चुके हैं। कांग्रेस इसमें दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती है।

Share This Article
Follow:
Jagruk Times is a popular Hindi newspaper and now you can find us online at Jagruktimes.co.in, we share news covering topics like latest news, politics, business, sports, entertainment, lifestyle etc. Our team of good reporters is here to keep you informed and positive. Explore the news with us! #JagrukTimes #HindiNews #Jagruktimes.co.in
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version