Lok Sabha Election 2024: राजस्थान में बोले PM मोदी, ’10 साल में जो हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है’

7 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (2 अप्रैल, 2024) को राजस्थान के कोटपूतली में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। कोटपूतली में पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इतना बड़ा जनसैलाब, आपका ये उत्साह, आपका ये जोश, 4 जून के संकेत दे रहा है। राजस्थान के लोग हमेशा देश की मजबूती के लिए खड़े रहे हैं और जयपुर का जलवा तो कुछ दिन पहले जब फ्रांस के राष्ट्रपति यहां आए थे, तब पूरी दुनिया ने देखा।

देश को परिवार मानने वाली भाजपा : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 के इस चुनाव में देश की सियासत फिर 2 खेमों में बंटी नजर आ रही है। एक तरफ राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेकर चलने वाली भाजपा है, तो दूसरी तरफ देश को लूटने के मौके तलाशने वाली कांग्रेस पार्टी है। आज एक ओर देश को परिवार मानने वाली भाजपा है, तो दूसरी ओर अपने परिवार को देश से बड़ा मानने वाली कांग्रेस है।

भारत को गाली देने वाली कांग्रेस : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज एक ओर दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने वाली भाजपा है, तो दूसरी ओर विदेश में जाकर भारत को गाली देने वाली कांग्रेस है।
ऐसी देशविरोधी, परिवारवादी ताकतों के खिलाफ राजस्थान हमेशा खड़ा रहा है। 2014 में राजस्थान ने BJP को 25 की 25 सीटें दी थी। राजस्थान ने 2019 में भी NDA को 25 की 25 सीटें दी थी। अब 2024 में भी राजस्थान 25 की 25 सीटें देने का फैसला कर चुका है।

4 जून – 400 पार : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं है। ये चुनाव, विकसित राजस्थान और विकसित भारत के संकल्प का चुनाव है। पूरा राजस्थान कह रहा है 4 जून – 400 पार! उन्होंने कहा कि ये चुनाव – भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है। भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए है। आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए है। किसानों की समृद्धि के संकल्प का चुनाव है। घर-घर नल से जल पहुंचाने का चुनाव है।

कांग्रेस अपने स्वार्थ के लिए चुनाव लड़ रहा : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसका इंडी गठबंधन, देश के लिए नहीं बल्कि अपने स्वार्थ के लिए चुनाव लड़ रहा है। ये पहला ऐसा चुनाव है, जिसमें परिवारवादी पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए रैली कर रही हैं। ये पहला ऐसा चुनाव है, जिसमें सारे भ्रष्टाचारी मिलकर भ्रष्टाचार पर कार्रवाई रोकने के लिए रैली कर रहे हैं।

10 साल से लगाई हुई आग को मोदी बुझा रहा : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि ये पहला ऐसा चुनाव है, जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता खुद के चुनाव जीतने की बात पर मौन हैं। लेकिन वो देश को धमकी दे रहे हैं कि अगर BJP जीती तो देश में आग लग जाएगी। मोदी 10 साल से इनकी लगाई हुई आग को बुझा रहा है।

BJP की मजबूत और निर्णायक सरकार की जरूरत : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने अपने खतरनाक इरादे जताना शुरू कर दिए हैं। इसलिए देश को बचाने के लिए, देश का भविष्य बनाने के लिए, आपकी आने वाली पीढ़ी की जिंदगी के सुख और समृद्धि के लिए ये चुनाव बहुत अहम है। आज देश में BJP की मजबूत और निर्णायक सरकार की जरूरत और ज्यादा बढ़ गई है।

मेरा भारत, मेरा परिवार है : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि मैं परिवारवादी पार्टियों और उनके भ्रष्टाचार पर सवाल उठाता हूं। इसलिए मैं उनके निशाने पर हूं। वो मुझे गालियां देते हैं और कहते हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है। मेरे लिए तो आप ही मेरा परिवार हैं। मेरा भारत, मेरा परिवार है। उन्होंने कहा कि आज देश में BJP का मतलब है – विकास और समाधान! लेकिन कांग्रेस का मतलब है – देश की हर बीमारी की जड़! आप देश की कोई भी बड़ी समस्या देखेंगे, तो उसकी जड़ में कांग्रेस पार्टी ही नजर आएगी।

आजादी के 7 दशकों तक देश में गरीबी रही : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 7 दशकों तक देश में गरीबी रही, कांग्रेस की वजह से। भारत को नई टेक्नोलॉजी, रक्षा सामान के लिए दूसरे देशों की ओर देखना पड़ता था, कांग्रेस की वजह से। कांग्रेस ने कभी हमारी सेना को आत्मनिर्भर नहीं होने दिया। कांग्रेस के समय में भारत की पहचान दुनिया के सबसे बड़े हथियार आयात करने वाले देश की थी। आज भाजपा सरकार के समय भारत की पहचान हथियार निर्यात करने वाले देश के तौर पर बन रही है।

भारत ने रक्षा निर्यात में नया रिकॉर्ड बनाया : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कल ही भारत ने रक्षा निर्यात में नया रिकॉर्ड बनाया है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब भारत ने 21 हजार करोड़ रुपये का रक्षा सामान निर्यात किया है। भारत आज 80 से ज्यादा देशों को मेड इन इंडिया हथियार बेचता है। इसलिए मैं फिर कहूंगा – नीयत सही, तो नतीजे सही।

10 साल में जो हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है : PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल में जो हुआ, वो तो सिर्फ ट्रेलर है। अभी तो बहुत कुछ करना है, अभी तो हमें देश और राजस्थान को बहुत आगे लेकर जाना है। BJP सरकार का तीसरा कार्यकाल ऐतिहासिक और निर्णायक फैसलों के कार्यकाल होने वाला है।

Share This Article
Follow:
Jagruk Times is a popular Hindi newspaper and now you can find us online at Jagruktimes.co.in, we share news covering topics like latest news, politics, business, sports, entertainment, lifestyle etc. Our team of good reporters is here to keep you informed and positive. Explore the news with us! #JagrukTimes #HindiNews #Jagruktimes.co.in
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version