
Pali। राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय जोशी के पाली आगमन पर रविवार (27 जुलाई, 2025) की शाम शहर में जोशीला स्वागत समारोह आयोजित किया गया। शहरवासियों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विजय जोशी का फूलमालाओं और नारों के साथ अभूतपूर्व अभिनंदन किया। जोशी का काफिला वाहनों की रैली के रूप में नहर पुलिया, लोढ़ा स्कूल रोड होते हुए सूरजपोल चौराहे तक पहुंचा, जहां उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाकर अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, प्रवीण कोठारी, प्रदीप हिंगड़, पुनीत गुप्ता, अमरदीप शर्मा, रमेश शर्मा, इंद्रजीत गौतम, अनिकेत गुप्ता, भुवनेश जोशी, भूपेंद्र सिंह, विवेक वागोरिया, अरबाज खान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और जोशी को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विजय जोशी ने युवाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य एनएसयूआई संगठन को कॉलेज स्तर पर सक्रिय करना, छात्र हितों की पैरवी करना और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनएसयूआई आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार और छात्र कल्याण के मुद्दों पर मजबूत भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट – रविन्द्र सोनी