Hathras Stampede: हाथरस हादसे पर PM मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

12 Min Read
Hathras Stampede: हाथरस हादसे पर PM मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया दुख 3

उत्तर प्रदेश के हाथरस (Hathras) के रतिभानपुर में मंगलवार (2 जुलाई) को सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए थे। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

हाथरस हादसे को लेकर पीएम मोदी ने दुख जताया और एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुःखद हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस दुर्घटना में जान गँवाने वाले लोगों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह कष्ट सहने की शक्ति दें। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”

हाथरस हादसे पर दुख जताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, ”जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मा. मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी, संदीप सिंह जी घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं तथा प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है। ADG, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सरकार और प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों को हर संभव उपचार एवं पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराएं। INDIA के सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत और बचाव में अपना सहयोग प्रदान करें।”

जेएमएम नेता हेमंत सोरेने एक्स पर लिखा, ”हाथरस में आयोजित सत्संग कार्यक्रम के दौरान अचानक मची भगदड़ में हुई जान की क्षति अत्यंत शोकजनक और मर्मान्तक है। इस दुखद परिस्थिति में हमारी प्रार्थना है कि मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। इस कठिन समय में शोकाकुल परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और BSP सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर लिखा, ”यूपी के जिला हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में काफी संख्या में लोगों की हुई मौत व अनेकों के घायल होने तथा आगरा में भी बौध/भीमकथा के दौरान एक युवक की हुई हत्या अति-दुःखद। सरकार इन घटनाओं की जाँच कर उचित कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, ”हाथरस-हादसे की दुखद सूचना मिली। सभी मृतकों को श्रद्धांजलि। इस तरह के आयोजन में हुई मानवीय भूलों का आंकलन करने की आवश्यकता है और भविष्य के लिए सबक़ लेने की भी। एक गहन जाँच और उसके आधार पर की गयी कार्रवाई भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोक सकती है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं।”

केंद्र और राज्य सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

पीएम मोदी ने हाथरस में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। वही, सीएम योगी ने मंगलवार को हाथरस हादसे में मारे गए मृतक के परिजनों 2 लाख और घायलों को 50,000 हजार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।

हाथरस पहुंचे सीएम योगी

सीएम योगी आज बुधवार (3 जुलाई) को हाथरस पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हाथरस में हुई दु:खद दुर्घटना घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीएम ने हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में घायल हुए लोगों से अस्पताल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उनके उपचार के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घटनास्थल पर ड्यूटी पर तैनात घायल कांस्टेबल से भी घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिला प्रशासन ने जारी किये हेल्पलाईन

बता दे कि हाथरस में हुई दुर्घटना को देखते हुए जिला प्रशासन ने घटना की स्थिति पर दृष्टि बनाते हुए आम लोगों की सहायता हेतु हेल्पलाईन 05722227041 तथा 05722227042 जारी किये गये हैं।

Share This Article
Follow:
Jagruk Times is a popular Hindi newspaper and now you can find us online at Jagruktimes.co.in, we share news covering topics like latest news, politics, business, sports, entertainment, lifestyle etc. Our team of good reporters is here to keep you informed and positive. Explore the news with us! #JagrukTimes #HindiNews #Jagruktimes.co.in
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version