
जैसलमेर (Jaisalmer) कृषि विभाग, राजस्थान जयपुर के दिशा-निर्देशों के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित एक दिवसीय विशेष ग्राम उत्थान शिविरों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को प्रभारी सचिव एवं एमडी, राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड महावीर प्रसाद मीणा ने गिरदावर सर्किल रुपसी एवं सम में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए तथा शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक किसानों एवं पशुपालकों तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने ग्रामीणों से पेयजल, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा एवं पशुधन संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की एवं जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शिविरों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर प्रताप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी साथ रहे। रुपसी शिविर में लाभार्थियों का सम्मान प्रभारी सचिव महावीर प्रसाद मीणा एवं जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने रुपसी शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्य पूर्णता पर पांच लाभार्थियों केशर पत्नी भेराराम, शांति पत्नी दीनाराम, लीली पत्नी आम्बाराम, लीला पत्नी खेताराम एवं बरमसर के किशनाराम पुत्र शंकराराम को गृह प्रवेश नामे की प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान की। इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा तेजुवा-छत्रेल के दीपाराम पुत्र हिम्मताराम को तारबंदी अनुदान योजना, छत्रेल के अहमद खां पुत्र सिंघल खां को डिस्का प्लाऊ एवं रुपसी के रामसिंह पुत्र भीमसिंह को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत अनुदान स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर कृषि विस्तार केंद्र के डॉ. जीवन राम भाखर, तहसीलदार जैसलमेर राजेन्द्र करण, विकास अधिकारी महेश सिंह, सरपंच स्वरुप सिंह भाटी सहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सम शिविर में भी योजनाओं का लाभ वितरण प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर ने सम शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शांति पत्नी तिलोकाराम, भोमाराम पुत्र मानाराम, बूटाराम पुत्र नरसींगाराम, अशोक पुत्र आत्माराम एवं मुकेश पुत्र नरसींगाराम को गृह प्रवेश नामे की प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान की। वहीं कृषि विभाग द्वारा गांगा के सोहबत खां पुत्र सच्चू खां को गोवर्धन जैविक योजना तथा दूजासर के भूरसिंह पुत्र लखसिंह को कृषि यंत्र योजना के अंतर्गत अनुदान स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर तहसीलदार सम कालूराम, विकास अधिकारी किशन सिंह राठौड़, कृषि विस्तार केंद्र के डॉ. जीवन राम भाखर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – कपिल डांगरा
