
जैसलमेर (Jaisalmer) सेवा भारती जैसलमेर के तत्वावधान में गुरुवार को मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। सेवा भारती के प्रान्त संरक्षक चन्द्रभान खत्री ने बताया कि सेवा भारती द्वारा तीसरी बार जैसलमेर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है जिसमें 6 जोड़ों को परिणय सूत्र में बांधने हेतु सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश नागौरी ने बताया कि मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर में गणेश स्थापना के साथ वैवाहिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ किया गया है। गणेश पूजन में पण्डित राजेन्द्र अवस्थी एवं थिरपाल गर्ग द्वारा यजमानों से पूजन करवा गणेशजी को रिद्धि सिद्धि सहित समारोह सम्पन्न करवाने हेतु प्रार्थना की।आयोजन समिति की उपाध्यक्ष आरती मिश्रा ने बताया कि वधुओं के मेहन्दी कार्यक्रम एवं महिला संगीत का कार्यक्रम गीता आश्रम में आयोजित किया गया जिसमें आयोजन समिति की सहमंत्री जमना पुरोहित, मालाजी व्यास, नन्दिनी, उषा खत्री, राजेश्वरी, राजेश्वरी, हेमलता सहित वधुओं के परिवार वालों के साथ शहर की महिलाओं ने विवाह गीतों का गायन किया। संगीत कार्यक्रम में केवल संगीत के साथ साथ 6 बेटियों को दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करवाकर खुशहाल जीवन में जीने के सूत्र भी शामिल थे। आयोजन समिति के भवानीसिंह, मुकेश जोशी, हरीश वैष्णव, नरेश कुमार आदि ने महिलाओं के लिए जलपान की व्यवस्थायें नियोजित की।सेवा भारती के अध्यक्ष हीरालाल साधवानी ने बताया कि सेवा भारती के कार्य सम्पूर्ण समाज की सेवा कर उन्हें समरसता के धागे में बांधे रखने हेतु निरन्तर प्रयत्नशील रहना है। निरन्तर सेवा कार्य करते हुए साल में एक बार सामूहिक विवाह समारोह को आयोजित कर सम्पूर्ण हिन्दू समाज को एक ही रीति रिवाज एवं परम्पराओं में बांधे रखने का निरन्तर प्रयास है। आज होने वाला आयोजन सम्पूर्ण समाज का आयोजन हैं इस हेतु सभी को इसमें शामिल होकर सम्पूर्ण हिन्दू समाज की एकता का परिचय देना चाहिए।आयोजन समिति सहमंत्री भीमाराम ने बताया कि प्रातः 9:30 बजे गीता आश्रम हनुमान चौराहा से 6 दूल्हों को घोड़ों पर सवार कर गाजे बाजे के साथ मुख्य बाजार से बन्दौली निकाली जाएगी। बन्दौली में वर परिवारों के साथ-साथ सर्वसमाज के बन्धू, स्वयंसेवक, सेविकाएं, विविध संगठनों के बन्धू और आमंत्रित समाजगण शामिल होंगे। बारात के गुजरने वाले मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सर्वसमाज द्वारा बारातियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया जाएगा। बन्दौली के प्रातः 10:30 बजे मुक्तेश्वर महादेव मन्दिर पहुंचने पर स्वागत एवं सत्कार परम पूज्य कमलभारतीजी, वीरमपुरीजी महाराज, बालभारतीजी महाराज, भगवान भारतीजी महाराज, बाईरामजी, निर्मलपुरीजी महाराज, नारायण भारतीजी जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पोकरण विधायक महन्त प्रतापपुरीजी महाराज एवं जिले के गणमान्य बन्धुओं द्वारा किया जाएगा।सेवा भारती समिति के कोषाध्यक्ष कपिल खत्री ने बताया कि नवदम्पति को वैवाहिक सूत्र में बान्धनें की मंगल घड़ी में सभी जोड़ों का सामूहिक वरमाला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रिपोर्ट – कपिल डांगरा
