मुंबई में गिरी लोहे की होर्डिंग, 14 की मौत, 74 लोग घायल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

5 Min Read

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार (13 मई) को आंधी-तूफान के कारण घाटकोपर इलाके में एक विशालकाय लोहे की होर्डिंग गिरने की वजह से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 74 लोग घायल हो गए। बता दे कि एनडीआरएफ के टीमों ने रात भर बचाव कार्य किया। दरअसल, घाटकोपर के पंतनगर में आंधी और बारिश के दौरान एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा विज्ञापन अवैध होर्डिंग गिर गया। यह होर्डिंग लगभग 17,040 वर्ग फुट का था। इसका लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे बड़े बिलबोर्ड के रूप में दर्ज था।

वही, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मुंबई शहर में सभी होर्डिंग के ढांचों की लेखा परीक्षा का आदेश दिया। सीएम शिंदे ने मृतकों के परिवार के लिए पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की और कहा कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्या होर्डिंग के लिए परमिशन ली गई थी? परमिशन किसने दी? क्या परमिशन सही थी? इसकी से जांच की जाएगी। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इतना बड़ा होर्डिंग लगाते समय, इतनी तेज हवा चलने को लेकर क्या कोई स्टडी की गई थी? इसकी जानकारी भी ली जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होर्डिंग गिरने के कारण लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ”मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में होर्डिंग गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं तथा राहत और बचाव कार्य की सफलता की कामना करती हूं।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दुख जताया

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”उस दुखद घटना से बहुत दुख हुआ जिसमें मुंबई के घाटकोपर में एक होर्डिंग गिरने से कई लोगों की जान चली गई। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना। कई लोग घायल हुए हैं, और हम उनके पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। हम सभी पीड़ितों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं और अधिकारियों से घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता और सभी पीड़ितों को मुआवजा प्रदान करने का आग्रह करते हैं। क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी हरसंभव मदद करनी चाहिए।”

आपको बता दे, सोमवार को घाटकोपर के अलावा वडाला इलाके में एक लोहे ढांचा गिर गया। ये घटना शाम करीब 4-5 के बीच बरकत अली नाका, श्रीजी टावर के पास मेटल/स्टील की पार्किंग गिर गई। सड़क के किनारे खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गई। जानकारी के मुताबिक, एक शख्स कार के अंदर फंस गया। मुंबई फायर ब्रिगेड ने उसका रेस्क्यू किया।

Share This Article
Follow:
2023 से जागरूक टाइम्स न्यूज के साथ पत्रकारिता करियर का शानदार आगाज किया। मुंबई से शिक्षा ग्रहण की है। खबरें लिखने के साथ-साथ कैमरे के संग भी जुगलबंदी रही है। हर दिन कुछ नया सीखते रहने की कोशिश जारी है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version