
भीलवाड़ा (Bhilwara) जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) भीलवाड़ा चौप्टर लेडीज़ विंग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कुमुद विहार स्थित वैदिक गार्डन से थैलेसीमिया एवं कैंसर के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य कार रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन मीठालाल सिंघवी, चैप्टर सचिव मनीष जैन, लेडीज़ विंग चेयरपर्सन नीता बाबेल, लेडीज़ विंग सचिव अर्चना पाटोदी, यूथ विंग चेयरमैन सिद्धार्थ अजमेरा, सिद्धार्थ कावड़िया, डीएसपी शिल्पा भादविया, डॉ. विनीता जैन तथा गौतम दुग्गड़ द्वारा दीप प्रज्वलन एवं नवकार मंत्र के साथ किया गया। लेडीज़ विंग चेयरपर्सन नीता बाबेल ने बताया कि कार रैली कुमुद विहार से प्रारंभ होकर सोलंकी टॉकीज रोड, बड़ला चौराहा, गर्ल्स कॉलेज, सूचना केंद्र, रेलवे स्टेशन, कोर्ट सर्किल होते हुए ओवरब्रिज से चित्तौड़गढ़ रोड मार्ग से गुजरते हुए सुजुकी एन्क्लेव स्थित द तामिल भवन पर सम्पन्न हुई। कार रैली में महिलाओं ने लाल रंग के ड्रेस कोड के माध्यम से भारतीय संस्कृति के साथ ऊर्जा, शक्ति, साहस और प्रेम का संदेश दिया, वहीं पुरुषों ने सफेद रंग के ड्रेस कोड के माध्यम से शांति, सत्य, पवित्रता, ज्ञान और एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया। नीता बाबेल ने बताया की रैली का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा थैलेसीमिया और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के बारे में आमजन को जानकारी देना है, ताकि समय रहते जांच एवं सावधानी के माध्यम से इन बीमारियों की रोकथाम की जा सके।कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमे डॉ. विनीता लोढ़ा ने कैंसर जागरूकता विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कैंसर के प्रति जागरूकता, रोकथाम और शुरुआती जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हुए धूम्रपान से दूरी, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आवश्यकता पर बल दिया। थैलेसीमिया बीमारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एक आनुवंशिक रक्त रोग है, गंभीर स्थिति में बच्चों में शारीरिक विकास रुकना, हड्डियों में विकृति तथा पेट में सूजन जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। उन्होंने विवाह पूर्व थैलेसीमिया जांच को इस बीमारी की रोकथाम के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। इस अवसर पर अपेक्स डायरेक्टर निश्चल जैन, कोषाध्यक्ष प्रतीक कावड़िया, निशांत जैन, सुशील कुमार डांगी, सम्पत लाल जैन, महावीर बाबेल, ललित डोसी, ललित बाबेल, नरेश पाटोदी, राजेन्द्र बाबेल, लोकेश कुमार अजमेरा, विनोद सिंघवी, संतोष देवी सिंघवी, संगीता बाबेल, पुष्पा गोखरू, जयवंती अजमेरा, शिवाली रारा, नीतू चोरड़िया, अमिता बाबेल, रंजनी सिंघवी, वनिता बाबेल, प्रीति जैन, मेघना जैन, सरिता शाह, निकिता पाटोदी, लाड़ मेहता, सुरभि जैन, प्रतीक शाह, अंशुल जैन, प्रियांश जैन शाह सहित जीतो, यूथ विंग एवं लेडीज़ विंग के बड़ी संख्या में सदस्यों ने कार रैली में सहभागिता निभाई।
रिपोर्ट – पंकज पोरवाल
